BBT Times, बीकानेर/फलोदी
बीकानेर/भोजासर-फलोदी, 22, अप्रैल । ग्राम चाम्पासर निवासी 79 वर्षीय वृद्धा पार्वती पत्नी भैराराम ब्राह्मण ने अपनी खातेदारी जमीन हड़पने का आरोप लगाते हुए नाती जयप्रकाश सहित 5 लोगों के खिलाफ भोजासर थाने में मामला दर्ज कराया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने धारा 61(2), 318(4), 322, 338, 337, 339, 340(2) BNS के तहत FIR नंबर 0009/2026 दर्ज की है।
क्या है मामला:
परिवादी पार्वती के अनुसार चाम्पासर में स्थित खसरा नं. 465/413, 468/413, 469/417, 470/417 व 427 में उनकी सहखातेदारी की करीब 69 हैक्टेयर कृषि भूमि है। आरोप है कि 13 अगस्त 2024 को परिवादी के जेठ अमलखराम का दोहिता जयप्रकाश पुत्र गोपालराम निवासी कुम्भासरिया, नोखा सुनियोजित षड़यंत्र के तहत उनके घर आया और वृद्धावस्था पेंशन दिलाने के बहाने घंटियाली ले जाकर कागजों पर अंगूठा लगवा लिया।
कागजों पर अंगूठे, फिर बंधक बनाने का आरोप:
FIR में बताया गया कि घंटियाली में तेजाराम पुत्र किशनाराम निवासी कुम्भासरिया व मगाराम पुत्र रूपाराम कुम्हार निवासी नाथुसर ने भी उन्हीं कागजों पर हस्ताक्षर-अंगूठा किए। इसके करीब 10 दिन बाद जयप्रकाश, उसकी माता सीमा व ओमप्रकाश परिवादी को बहला-फुसलाकर कुम्भासरिया ले गए। वहां परिवादी के 1.70 लाख रुपये अमानत के तौर पर ले लिए। बाद में सीमा ने मोबाइल छीन लिया और पीहर पक्ष से बात नहीं करने दी।
बीकानेर-जयपुर ले जाकर खाली कागजों पर अंगूठे:
आरोप है कि 2 माह कुम्भासरिया रखने के बाद सीमा व ओमप्रकाश वृद्धा को बीकानेर ले गए और अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखा। फिर जयपुर ले जाकर डरा-धमकाकर खाली कागजों पर अंगूठे लगवा लिए। 30 जून 2025 को भाभी के देहांत की सूचना पर भतीजी मुन्नीदेवी के संपर्क के बाद मामला खुला।
*इनके खिलाफ केस:*
पुलिस ने 1. जयप्रकाश पुत्र गोपालराम, 2. ओमप्रकाश पुत्र अलसीराम, 3. तेजाराम पुत्र किशनाराम निवासी कुम्भासरिया नोखा, 4. मगाराम पुत्र रूपाराम निवासी नाथुसर नोखा, 5. गंगाराम पुत्र लिखमाराम निवासी गोविंद नगर के खिलाफ आपराधिक षड़यंत्र, धोखाधड़ी, आपराधिक न्यासभंग, दस्तावेजों की कूटरचना व बंधक बनाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
थानाधिकारी जमील खान ने बताया कि कोर्ट इस्तगासा से प्राप्त परिवाद पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। परिवादी के बयान व दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।


0 Comments