Header Ads Widget

 

कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 के लिए बीकानेर के तीन श्रद्धालुओं का चयन, सम्मान समारोह आयोजित

 BBT Times,बीकानेर



बीकानेर, 8 जून।  कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया के तहत आयोजित लॉटरी प्रणाली में बीकानेर के तीन श्रद्धालुओं का चयन होने पर शहर में हर्ष का माहौल है। चयनित श्रद्धालुओं में अनिल कुमार चौहान,पीजीटी कॉमर्स केंद्रीय विद्यालय नंबर 2 बीकानेर व उनकी धर्मपत्नी श्रीमती दीपिका रानी दैया एवं मूलचंद गहलोत शामिल हैं। इनकी यात्रा 16 जुलाई से 31 जुलाई 2026 के बीच निर्धारित की गई है।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर वर्ष 2025 में कैलाश मानसरोवर यात्रा कर चुके बीकानेर के श्रद्धालु योगेश झा के निवास पर चयनित यात्रियों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का माल्यार्पण एवं सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

इस दौरान कैलाशी योगेश झा ने अपने यात्रा अनुभव साझा करते हुए चयनित श्रद्धालुओं को यात्रा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एवं आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, आवश्यक दस्तावेजों, मौसम की परिस्थितियों तथा आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही यात्रियों को सफल एवं सुरक्षित यात्रा के लिए उपयोगी सुझाव भी दिए।

कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं और गणमान्यजनों ने चयनित यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए इसे बीकानेर के लिए गौरव का विषय बताया। इस अवसर पर दीपेश अग्रवाल एवं मुन्नालाल सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पारुल झा ने सभी चयनित यात्रियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया। वहीं श्रीमती डॉली ने सभी का मुंह मीठा करवाया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनकी यात्रा की मंगलकामना की।

अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से प्रार्थना करते हुए चयनित यात्रियों की सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय कैलाश मानसरोवर यात्रा की कामना की। कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। 

Post a Comment

0 Comments