Header Ads Widget

 

प्रयागराज-जयपुर-बीकानेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को प्रतिदिन वाया चूरू चलाने की उठी मांग मित्तल, सुराणा व सोनी ने केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को सौंपा ज्ञापन

 BBT Times, बीकानेर

 


बीकानेर, 31 मई।  बीकानेर जिला उद्योग संघ के उपाध्यक्ष श्री नरेश मित्तल, श्री अशोक सुराणा एवं संयुक्त सचिव श्री श्यामसुन्दर सोनी ने गाड़ी संख्या 12403/12404 प्रयागराज-जयपुर-बीकानेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को प्रतिदिन बीकानेर वाया चूरू-फतेहपुर संचालित करने की मांग को लेकर केन्द्रीय कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन वाया झुंझुनू-सादुलपुर-बीकानेर तथा चार दिन वाया चूरू-रतनगढ़-बीकानेर संचालित की जा रही है। उद्योग संघ पदाधिकारियों ने कहा कि वाया झुंझुनू-सादुलपुर मार्ग पर संचालित होने वाले दिनों में रेलवे को कोई विशेष राजस्व प्राप्त नहीं हो रहा है। वहीं बीकानेर से चूरू तक के अधिकांश यात्री भी इस ट्रेन का उपयोग नहीं करते, क्योंकि इस मार्ग पर यात्रा में अधिक समय लगता है तथा किराया भी अपेक्षाकृत अधिक पड़ता है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि झुंझुनू, सादुलपुर एवं बीकानेर खंड से प्राप्त राजस्व की पुष्टि रेलवे के रिकॉर्ड से भी की जा सकती है। ऐसे में यात्रियों की सुविधा एवं रेलवे के राजस्व हित को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन को प्रतिदिन बीकानेर से वाया चूरू-फतेहपुर मार्ग पर संचालित किया जाना चाहिए।

उद्योग संघ प्रतिनिधियों ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक द्वारा भी इस ट्रेन को प्रतिदिन संचालित किए जाने के संबंध में रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली को अनुशंसा पत्र भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस मांग के पूरा होने से बीकानेर सहित क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा रेलवे को भी अतिरिक्त यात्री भार और राजस्व प्राप्त होगा।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस विषय पर शीघ्र ही रेलवे बोर्ड के अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई का प्रयास करेंगे।

Post a Comment

0 Comments