Header Ads Widget

 

गुरुग्राम में पक्षियों के लिए जलसेवा अभियान, 90 वर्षीय बनवारी लाल सिंगला बने प्रेरणा स्रोत

 BBT Times, गुरुग्राम/बीकानेर



गुरुग्राम/बीकानेर, 28 अप्रैल। तेज गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच गुरुग्राम के जाने-माने फोटोग्राफर बनवारी लाल सिंगला ने अपनी सहयोगी प्रतिभा शर्मा एवं साथियों के साथ मिलकर पक्षियों के लिए जलसेवा का सराहनीय अभियान चलाया। इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर पेड़ों और सार्वजनिक जगहों पर पक्षियों के लिए पानी से भरे पात्र एवं पॉलीसिया लगाए गए, ताकि भीषण गर्मी में प्यासे पक्षियों को राहत मिल सके।


इस प्रेरणादायक कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को पर्यावरण संरक्षण तथा पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश देना रहा। अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे भी अपने घरों, दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें, ताकि गर्मी के मौसम में जीव-जंतुओं को राहत मिल सके।


विशेष बात यह रही कि 90 वर्षीय बनवारी लाल सिंगला स्वयं इस उम्र में भी पूरे उत्साह के साथ अपनी सहयोगी प्रतिभा शर्मा एवं साथियों संग अभियान में सक्रिय नजर आए। उन्होंने बताया कि प्रकृति और जीव-जंतुओं की सेवा करना हर व्यक्ति का कर्तव्य है। यदि हर नागरिक थोड़ा-थोड़ा सहयोग करे तो हजारों पक्षियों की जान बचाई जा सकती है।


स्थानीय लोगों ने भी इस कार्य की जमकर सराहना की और इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया। लोगों ने कहा कि आज के समय में जहां लोग अपनी व्यस्त जिंदगी में प्रकृति को भूलते जा रहे हैं, वहीं बनवारी लाल सिंगला जैसे वरिष्ठ नागरिक समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।


इस अभियान से यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि उम्र कभी सेवा और समाजहित के कार्यों में बाधा नहीं बनती। जरूरत है तो केवल जागरूकता, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच की।

Post a Comment

0 Comments