BBT Times, जयपुर
जयपुर/बीकानेर, 8 फरवरी। राजधानी जयपुर के युवाओं में नशे की तेजी से बढ़ रही लत बड़ी चिंता का कारण बन रही है. युवाओं में स्मैक और एमडी ड्रग जैसे महंगे नशे की एक-दूसरे को लत लगाने का चलन भी बढ़ रहा है. इसे देखते हुए जयपुर पुलिस ने नशे की तस्करी करने वालों पर शिकंजा कस रखा है. पड़ताल में सामने आया है कि जयपुर में नशे की सप्लाई करने में दिल्ली और हरियाणा में बैठे विदेशी नागरिकों की भी बड़ी भूमिका है, जो नशे की तस्करी के नेटवर्क की एक अहम कड़ी है. अब जयपुर कमिश्नरेट की सीएसटी इस नेटवर्क को क्रैक करने में जुटी है. स्पेशल कमिश्नर (ऑपेरशन) राहुल प्रकाश का कहना है कि कमिश्नरेट में नशे की तस्करी के खिलाफ ऑपेरशन क्लीन स्वीप चलाया जा रहा है
80 लाख से ज्यादा का नशा पकड़ा : कमिश्नरेट की स्पेशल टीम ने जनवरी में इस अभियान के तहत 23 से ज्यादा मुकदमे दर्ज कर 27 से ज्यादा आरोपियों को पकड़ा है, जिनके कब्जे से 80 लाख रुपए से ज्यादा के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं. उनका कहना है कि सीएसटी ने अवैध मादक पदार्थ, आर्म्स एक्ट और वाहन चोरी के तहत बदमाशों की धरपकड़ के लिए उल्लेखनीय कार्रवाई की है. 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप' के तहत एनडीपीएस एक्ट के तहत 23 मुकदमे दर्ज कर 27 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 31 किलो 930 ग्राम 61 मिलीग्राम गांजा, 133 ग्राम अफीम, 879 ग्राम चरस, 245.38 ग्राम स्मैक, 121.05 ग्राम एमडी जब्त की है.
अवैध हथियारों के खिलाफ भी खोला मोर्चा : अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन आग' के तहत 5 मुकदमें दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, वाहन चोरी के मामलों में दो शातिर बदमाशों की गिरफ्तारी भी सीएसटी ने की है. उनका कहना है कि नशीले पदार्थों में स्मैक और एमडी ड्रग काफी खतरनाक मानी जा रही है, जो कम मात्रा में ज्यादा नशा देती है और इसकी लत भी बहुत जल्दी लगती है. एक या दो बार इनके सेवन से ही लत लगने की संभावना बहुत ज्यादा रहती है. इनका प्रचलन युवाओं में बहुत तेजी से बढ़ रहा है.
जल्दी लगती है एमडी और स्मैक की लत : यह ड्रग काफी महंगी आती है, इसीलिए युवाओं में एक-दूसरे को इनकी लत लगाने की प्रवृत्ति भी पड़ताल में सामने आई है. यह भी एक कारण है कि स्मैक और एमडी की तस्करी ज्यादा होने लगी है. उनका कहना है कि नशे की तस्करी में अफ्रीकन देशों और मलेशियन नागरिकों की भूमिका सामने आई है. जनवरी में आधा दर्जन विदेशी नागरिकों को पुलिस ने एनडीपीएस के मुकदमों में गिरफ्तार किया है. उन्होंने बताया कि जयपुर में एमडी ड्रग की तस्करी में दिल्ली और हरियाणा में बैठे अफ्रीकन देशों के नागरिकों की भूमिका सामने आई है. इनमें से कुछ लोगों को पकड़ा भी है. इस नेटवर्क के बारे में भी पुलिस ज्यादा से ज्यादा जानकारी जुटाकर पर्दाफाश करने में जुटी है.


0 Comments