Header Ads Widget

 

व्यास नगर में सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का भव्य आयोजन

 BBT Times, बीकानेर


“मृत्युः सर्वहरश्चाहमुद्भवश्च भविष्यताम्।
कीर्तिः श्रीर्वाक्च नारीणां स्मृतिर्मेधा धृतिः क्षमा।।
— भगवद्गीता”

बीकानेर, 30 दिसंबर। भारतीय आदर्श विद्या मंदिर, व्यास नगर विद्यालय के द्वार सागर परिसर में सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम का गरिमामय एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नारी शक्ति के महत्व, शिक्षा के साथ संस्कार, पारिवारिक समरसता एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

कार्यक्रम का परिचय श्रीमती विनीता जी भाटी द्वारा दिया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि सरस्वती जी ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृ शक्ति की सहभागिता रही, जिससे वातावरण आध्यात्मिक एवं संस्कारमय बन गया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता श्रीमती अंजू चौधरी ने मातृ शक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि नारी ही परिवार की धुरी है, जो पूरे परिवार को जोड़कर रखती है। नारी के सशक्त होने से ही परिवार, समाज और राष्ट्र सशक्त बनता है।

अपने संबोधन में उन्होंने चरित्र निर्माण, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल दिया। साथ ही उन्होंने सभी परिवारों को यह संकल्प दिलवाया कि सप्ताह में कम से कम एक बार पूरा परिवार एक साथ बैठकर भोजन करेगा, जिससे पारिवारिक संवाद, प्रेम और आपसी समझ को बढ़ावा मिले।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में श्रीमती विनीता जी भाटी द्वारा प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही उत्तर देने वालों को प्रेरक संदेशों के माध्यम से प्रोत्साहित किया गया।

अंत में शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम नारी शक्ति को आत्मबल, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने वाला एक सफल और प्रेरणादायी आयोजन सिद्ध हुआ। 

Post a Comment

0 Comments