Header Ads Widget

 

हाथकरघा एवं वस्त्र प्रौद्योगिकी डिप्लोमा में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित

 BBT Times, बीकानेर




बीकानेर, 10 जून।  भारतीय हाथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान, राधाकृष्णापुरम चौपासनी चौखा रोड, जोधपुर में त्रिवर्षीय (6 सेमेस्टर) हाथकरघा एवं वस्त्र प्रौद्योगिकी डिप्लोमा पाठ्यक्रम सत्र 2026-27 के लिए प्रथम वर्ष तथा द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक मंजू नैण गोदारा ने बताया कि राजस्थान राज्य कोटे के तहत प्रथम वर्ष के लिए 19 तथा द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) के लिए 7 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम 35 प्रतिशत अंकों के साथ माध्यमिक अथवा समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है और इसमें अध्ययन का एक विषय अंग्रेजी रहा हो। वहीं द्वितीय वर्ष में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी को भौतिकी, रसायन एवं गणित विषयों के साथ 10$2 अथवा वोकेशनल स्ट्रीम में टेक्सटाइल विषय सहित 10$2 अथवा 10वीं के बाद दो वर्षीय आईटीआई उत्तीर्ण होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी की आयु 1 जुलाई 2026 को 15 से 23 वर्ष तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 25 वर्ष तक निर्धारित की गई है। द्वितीय वर्ष में प्रवेश हेतु अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष तथा एससी-एसटी वर्ग के लिए 27 वर्ष निर्धारित है। राज्य सरकार की नीति अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति व अन्य पिछडा वर्ग को नियमानुसार आरक्षण का प्रावधान रहेगा तथा बुनकर समुदाय के अभ्यर्थियों हेतु न्यूनतम 20 प्रतिशत सीटें आरक्षित रहेंगी।

आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में आवश्यक शैक्षणिक प्रमाण पत्रों सहित 17 जून 2026 तक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, न्यू पावर हाउस रोड, मिनी उद्योग भवन, जोधपुर में जमा करवाने होंगे। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को सरकार द्वारा निर्धारित दर से स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। साथ ही डिप्लोमा उत्तीर्ण विद्यार्थी संबंधित शाखा में इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम के द्वितीय वर्ष में प्रवेश हेतु भी पात्र होंगे। आवेदन पत्र जिला मुख्यालय स्थित जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी विभागीय वेबसाइट https://industries.rajasthan.gov.in/icom/#/sm/department-order/51779/162/3/2852/0/0/0/0 से प्राप्त की जा सकती है। 

Post a Comment

0 Comments