BBT Times, बीकानेर
बीकानेर, 2 जून। शहर की सफाई व्यवस्था और सीवरेज सिस्टम की खराब स्थिति को लेकर बीकानेर शहर कांग्रेस कमेटी के मण्डल अध्यक्ष अब्दुल रहमान लोदरा ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न इलाकों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है और सीवरेज की समस्याएं आमजन के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही हैं।
लोदरा ने आरोप लगाया कि नगर निगम की लापरवाही के चलते कई वार्डों में हालात बेहद खराब हो चुके हैं, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत प्रभाव से सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या 53 के भुट्टो का बास क्षेत्र में सीवरेज का ढक्कन टूटा हुआ है, जिससे गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। यह स्थिति आसपास रहने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है और संक्रमण का खतरा भी बढ़ा रही है।
इसी तरह वार्ड संख्या 48 के पजाबगीरान मोहल्ले में लंबे समय से सीवरेज का ढक्कन नहीं लगा है, जिससे वहां दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
शहर के गंगानगर चौराहे के पास भी सफाई व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। वहां गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, जिससे आसपास के दुकानदारों और टैक्सी चालकों का जीवन प्रभावित हो रहा है। टैक्सी चालकों ने कहा कि इस स्थिति के कारण उनका कामकाज और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
इस मौके पर मुख्तायार भाटी, जाकिर पड़िहार, अशोक कुमार, जयदीप सिंह जावा सहित कई लोगों ने भी व्यवस्था सुधारने की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही हालात नहीं सुधरे तो आमजन को मजबूरन विरोध का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
ब्लॉक अध्यक्ष सहजाद भुट्टा, मोहम्मद आरिफ भुट्टा और अविनाश राठौड़ ने भी नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि निगम को तुरंत इन समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो नगर निगम का घेराव किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी समय-समय पर शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण करें और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि शहरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।


0 Comments