Header Ads Widget

 

विश्व योग दिवस : डॉ करणी सिंह स्टेडियम में सुबह 7 से 8 बजे तक होगा जिला स्तरीय योग कार्यक्रम

 BBT Times, बीकानेर




जिला स्तरीय आयोजन की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने ली समीक्षा बैठक

जिले के पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी करवाया जाएगा योग का विशेष आयोजन

पिछले साल तीन धार्मिक स्थलों पूनरासर, कोलायत व देशनोक मंदिर में करवाया गया था योग आयोजन

इस बार मुकाम मंदिर और कोडमदेसर मंदिर प्रांगण में भी करवाया जाएगा योग का आयोजन

बीकानेर, 29 मई। विश्व योग दिवस 21 जून को जिला स्तरीय योग कार्यक्रम डॉ करणी सिंह स्टेडियम में सुबह 7 से 08 बजे तक आयोजित होगा। जहां प्रोटोकॉल के हिसाब से प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा आमजन को योग करवाया जाएगा। विश्व योग दिवस पर जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक ली। 

बैठक में जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग और सामाजिक संस्थाएं मिलकर अच्छे से योग करवाएं। स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी, ग्राम पंचायत, ब्लॉक समेत सभी जगहों पर योग का बेहतरीन आयोजन कर अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करें। जिला कलेक्टर ने स्टेडियम में करीब 7 हजार लोगों के योग करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बारिश होने की स्थिति में इंडोर स्टेडियम में योग के आयोजन को लेकर व्यवस्थाएं करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया।  

आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक एवं नोडल अधिकारी डॉ पवन कुमार पारीक ने बताया कि 21 जून को विश्व योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम डॉ करणी सिंह स्टेडियम में सुबह 7 से 8 बजे तक आय़ोजित किया जाएगा। श्री पारीक ने बताया कि पिछले साल जिले में तीन प्रमुख धार्मिक स्थल पुनरासर, देशनोक और कोलायत में भी योग कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस बार मुकाम मंदिर और कोडमदेसर मंदिर को भी इसमें जोड़ा गया है। 

श्री पारीक ने बताया कि पिछले साल जिला मुख्यालय पर डॉ करणी सिंह स्टेडियम में 6 हजार 242 लोगों ने और जिले भर में 3 लाख 39 हजार 262 लोगों ने योग किया था। योग आयोजन को लेकर पूरे राजस्थान में बीकानेर पांचवें स्थान पर रहा था। इस बार भी जिले भर में योग कार्यक्रम को लेकर योग शिक्षकों को लगाने समेत विभिन्न तैयारियां अंतिम चरण में है। 

बैठक में देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त श्री जतिन कुमार गांधी ने बताया कि देवस्थान विभाग की ओर से जिला मुख्यालय के प्रमुख सभी मंदिरों में योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वहीं डीएफओ श्री जी.वैंकटेश ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में पौधों का निशुल्क वितरण किया जाएगा। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि कचरा उठाने वाले टीपर्स पर योग कार्यक्रम से संबंधित जिंगल्स के जरिए लोगों को योग कार्यक्रम में हिस्सा लेने को लेकर प्रेरित किया जाएगा। 

बैठक में जिला परिषद सीईओ श्रीमती शैलजा पांडे, डीएफओ श्री जी.वैंकटेश, एडीएम प्रशासन श्री उम्मेद सिंह रतनू, एसडीएम बीकानेर आईएएस सुश्री महिमा कसाना,एसीएम श्री मनु गर्ग समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी समेत जिले की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं यथा क्रीड़ा भारती, गायत्री परिवार, ब्रह्म कुमारी आश्रम, पतंजलि योगपीठ, श्री मोहता रसायनशाला इत्यादि के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

Post a Comment

0 Comments