BBT Times, बीकानेर
बीबीटी टाइम्स के सम्पादक दिनेश गुप्ता की ख़बर
बीकानेर, 02 अप्रैल। शास्त्री नगर स्थित श्री वीर हनुमान वाटिका में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर शिवबाड़ी के लालेश्वर महादेव मंदिर के अधिष्ठाता स्वामी संवित् विमर्शानंद गिरि के सान्निध्य में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम के अंतर्गत हनुमानजी की सौम्य एवं चमत्कारी प्रतिमा का आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और विशेष सजावट से अलंकृत किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड का पाठ कर भक्ति भाव से प्रभु का स्मरण किया।
इस अवसर पर आयोजित भक्ति संगीत संध्या एवं सचेतन झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। बरेली से आए मास्टर शिवम राज इंटरनेशनल झांकी ग्रुप के कलाकारों—शिवराज, राहुल शर्मा, शशांक मिश्रा, सत्यम सोनी, प्रशांत राजपूत एवं मानसी देवी—ने भगवान गणपति, राधा-कृष्ण, राम दरबार तथा बाहुबली हनुमान की जीवंत झांकियां प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। झांकियों के साथ प्रस्तुत भक्ति गीतों ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया।
भक्ति संगीत संध्या में राज ग्रुप के कलाकार राजकुमार पुरोहित, कान्हा बीकानेरी एवं सुनील स्वामी ने “झुकाके नजरें कर लो प्रणाम, वीर हनुमान आए हैं”, “अंजनी मां हुआ लाल, बधाई हो”, “झूम-झूम नाचे वीर हनुमाना” तथा “मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे” जैसे भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। जय श्री राम और हनुमानजी महाराज की जय के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम में विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, दिल्ली के समाजसेवी चार्टर्ड अकाउंटेंट प्रकाश गुप्ता, सचिन गुप्ता, श्री वीर हनुमान वाटिका समिति की सचिव एवं पूर्व पार्षद छाया गुप्ता, शहर भाजपा अध्यक्ष श्रीमती सुमन छाजेड़, संतोष गोयल, मंदिर के पुजारी आसाराम ओझा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर आरती में भाग लिया। अतिथियों का पारंपरिक रूप से दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
श्रद्धालुओं के लिए सवामणी का भोग अर्पित कर प्रसाद वितरण किया गया। वहीं बच्चों के लिए मंदिर परिसर में जम्पिंग झूलों की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
श्री वीर हनुमान वाटिका समिति की सचिव श्रीमती छाया गुप्ता ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य समाज में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक मूल्यों और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है।
पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण, आकर्षक सजावट, संगीतमय प्रस्तुतियां और जीवंत झांकियों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई और हनुमान जन्मोत्सव को अविस्मरणीय बना दिया।


0 Comments