BBT Times, बीकानेर
बीकानेर, 5 मार्च । शहर वासियों इसी महीने में बीकानेर की जीवनरेखा इंदिरा गांधी मुख्य नहर की पूर्ण बंदी 20 मार्च से 3 मई तक प्रस्तावित की गई है। लगभग 45 दिनों की इस अवधि में मरम्मत कार्य के चलते नहर में पानी की आवक पूरी तरह बंद रहेगी।20 मार्च से सिंचाई जल आपूर्ति पूरी तरह रोक दी जाएगी। वहीं 4 अप्रैल के बाद शहर में पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ना तय है। 5 अप्रैल के बाद करीब 30 से 40 दिनों तक ‘ओड-इवन’ व्यवस्था के तहत, यानी एक दिन छोड़कर या दो दिन में एक बार पानी की सप्लाई की जा सकती है। इस दौरान जलापूर्ति बीछवाल और शोभासर जैसे जलाशयों में पहले से संग्रहित पानी पर निर्भर रहेगी।पंजाब क्षेत्र में फिरोजपुर फीडर सहित नहरों की विशेष मरम्मत और रिलाइनिंग कार्य के कारण यह बंदी दोनों राज्यों की सहमति से तय की गई है।
शहर से दूर स्थित कॉलोनियों, खासकर तिलकनगर जैसे इलाकों में जल आपूर्ति पहुंचाना अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसे में नागरिकों से अपील है कि वे समय रहते पानी का आवश्यक भंडारण कर लें और संयमित उपयोग करें।हालांकि मुश्किल घड़ी में अधिशासी अभियंता *राजेन्द्रसिंह* हर संभव प्रयास करते आए हैं और वे एक जिम्मेदार व सक्रिय अधिकारी हैं। जल आपूर्ति सुचारु रखने के लिए वे पूरी कोशिश करेंगे, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए आमजन का सहयोग भी बेहद जरूरी है।टंकियों को ओवरफ्लो न होने दें, लीकेज को तुरंत ठीक करे और पानी की बर्बादी से बचें। आने वाले दिनों में पानी की एक-एक बूंद की बचत ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी।


0 Comments