BBT Times, बीकानेर
बीबीटी टाइम्स सम्पादक दिनेश गुप्ता की ख़बर
बीकानेर। हिंदू नव वर्ष विक्रम संवत 2083 के शुभ आगमन पर आदर्श विद्या मंदिर, व्यास कॉलोनी द्वारा एक विशेष एवं सांस्कृतिक स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राएं मूर्ति सर्किल, व्यास कॉलोनी में आमजन के बीच जाकर नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देंगे।
विद्यालय की संचालिका अंजू चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन के तहत बच्चे व्यापारी वर्ग एवं मार्ग से गुजरने वाले सभी लोगों का तिलक कर उनका स्वागत करेंगे तथा मुंह मीठा कराकर भारतीय संस्कृति की परंपराओं को जीवंत बनाएंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में हिंदू नव वर्ष के प्रति जागरूकता बढ़ाना और भारतीय परंपराओं का व्यापक प्रसार करना है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंध समिति के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे और कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। साथ ही आसपास के सभी दुकानदारों को तिलक लगाकर उन्हें नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की जाएंगी।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करने तथा समाज में आपसी भाईचारे और उत्साह का वातावरण बनाने का प्रयास किया जाएगा। यह आयोजन क्षेत्र में नव वर्ष के स्वागत को लेकर एक सकारात्मक और उत्सवपूर्ण माहौल तैयार करेगा।
इस आयोजन की पूर्व संध्या पर विद्यालय प्रांगण में भव्य दीप उत्सव का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने दीप प्रज्वलित कर नव वर्ष के स्वागत का उल्लासपूर्ण संदेश दिया। इससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिकता, उत्साह और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।


0 Comments