BBT Times, बीकानेर
बीकानेर, 31 मार्च। श्री जैन पब्लिक स्कूल बीकानेर द्वारा महावीर जयंती के पावन अवसर पर भव्य झांकी प्रस्तुतीकरण का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राएं भगवान महावीर स्वामी के जीवन, उपदेशों एवं सिद्धांतों को जीवंत झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रूप श्री सिपानी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, आध्यात्मिक चिंतन एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को विकसित करना है। कार्यक्रम के तहत विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों द्वारा कुल 11 आकर्षक एवं संदेशपूर्ण झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी।
इन झांकियों में प्रमुख रूप से अहिंसक जीवन शैली, पर्यावरण संरक्षण, युवाओं के लिए संदेश, नशा मुक्ति, स्वच्छता, कर्म सिद्धांत, आधुनिक समाज में महावीर, महावीर का अंतिम उपदेश, महावीर का निर्वाण, जियो और जीने दो तथा महावीर का विश्व संदेश जैसे विषयों को शामिल किया गया है।
हर झांकी के माध्यम से भगवान महावीर के सिद्धांतों को वर्तमान परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे समाज को सकारात्मक दिशा देने का संदेश पहुंचे। विद्यार्थियों द्वारा पारंपरिक वेशभूषा, प्रभावशाली संवाद एवं सजीव अभिनय के जरिए इन विषयों को रोचक और प्रेरणादायक बनाया जाएगा।
प्रधानाचार्या श्रीमती रूप श्री सिपानी ने बताया कि यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का मंच है, बल्कि उन्हें भगवान महावीर के आदर्शों—अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और करुणा—को अपने जीवन में अपनाने के लिए भी प्रेरित करेगा।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकगण इस कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं और अभिभावकों सहित शहरवासियों को भी इस भव्य आयोजन का साक्षी बनने के लिए आमंत्रित किया गया है।


0 Comments