BBT Times, बीकानेर
बीकानेर, 4 मार्च। गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र, बीकानेर के अभ्यर्थियों की नामांकन प्रक्रिया वर्ष 2022 16 से 19 मार्च तक आरएसी थर्ड बटालियन के हिमादास स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को डी ब्लाॅक-करणी नगर स्थित गेट नम्बर 1, से प्रवेश दिया जाएगा।
गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र के कमांडेंट आनंद कुमार मीणा ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया, गृह रक्षा निदेशालय द्वारा गठित चयन समिति (बोर्ड) सदस्यों द्वारा की जाएगी। इसमें केन्द्र के समादेष्टा, गृह रक्षा महानिदेशक के प्रतिनिधि एवं जिला पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में मौजूद रहेंगे। चार दिन चलने वाली इस नामांकन प्रक्रिया में केन्द्र के 95 रिक्त पदों के विरूद्ध 6 हजार 66 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
मीणा ने बताया कि प्रत्येक अभ्यर्थी को मोबाईल पर एसएमएस एवं ई-मेल द्वारा सूचना प्रेषित की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी दिए गए लिंक अथवा विभागीय वेबसाइट http://home.rajasthan.gov.in/homeguards पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। गृह रक्षा स्वयं सेवकों की नामांकन प्रक्रिया लगभग 3 सप्ताह तक चलना सम्भावित है। इसके लिए अलग-अलग जिलों में अभ्यर्थी को अलग-अलग समय पर बुलाया जाएगा। उन्होने बताया कि सभी अभ्यर्थियों द्वारा सम्बन्धित प्रवेश पत्र में वर्णित समस्त निर्देशों की पालना किया जाना जरूरी है।
अभ्यर्थी को निर्धारित समय, दिनांक एवं स्थान पर आवश्यक मूल दस्तावेजों (यथा जिले का मूल-निवास, आयु प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, विशेष योग्यता प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, चिकित्सा प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र एवं पुलिस सत्यापन प्रमाण-पत्र एवं प्रवेश पत्र के साथ संलग्न महत्वपूर्ण अन्य सभी दिशा-निर्देशों की पालना आवश्यक होगी) सहित उपस्थित होना होगा। नामांकन स्थल पर प्रवेश करने के पश्चात किसी भी अन्यर्थी को ग्राउण्ड से बाहर जाकर कोई भी दस्तावेज लाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इससे संबंधित अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नम्बर 0151-2226151 पर सम्पर्क किया जा सकता है।


0 Comments