BBT Times, बीकानेर
बीकानेर, 26 फरवरी। आयुर्वेद विभाग की ओर से चलाए जा रहे आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के तहत टीबी और तम्बाकू मुक्त ग्राम पंचायत करने के लिए हदाँ ग्राम पंचायत द्वारा विशेष ग्राम सभा का आयोजन गुरुवार को किया गया।
इसके तहत हदाँ ग्राम पंचायत को टीबी और तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
*शिक्षण संस्थानों का तंबाकू मुक्त होना जरूरी*
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने कहा कि स्वस्थ पीढ़ी तैयार करने के लिए शिक्षण संस्थानों का तंबाकू मुक्त होना और नियमित स्वास्थ्य गतिविधियां आयोजित करना अनिवार्य है।
*ग्राम पंचायत स्तर में होंगे जन-जागरूकता कार्यक्रम*
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सीएस मोदी ने बताया कि
इस कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मुक्त ग्राम पंचायत को केवल सरकारी कार्यक्रम न रखकर एक जन-आंदोलन में बदलना है। डॉ. मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि समाज से टीबी से जुड़ी गलत धारणाओं और डर को खत्म करने के लिए युवाओं की रचनात्मक सोच सबसे सशक्त माध्यम है।
डब्ल्यूएचओ कंसल्टेंट से डॉ सुधांश खत्री ने कहा कि टीबी के प्रति डर और भेदभाव को केवल सही जानकारी और संवाद से ही मिटाया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि पोस्टर प्रतियोगिता, सोशल मीडिया रील्स और डिजिटल कहानियों के माध्यम से सफल उपचार की गाथाएं लोगों तक पहुंचाई जाएं।
कार्यक्रम में ब्लॉक कोलायत टीबी वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक लक्ष्मीकांत छंगाणी ने बताया कि टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत विद्यालय में टीबी के बारे में वीडियो के माध्यम से जानकारी देकर जागरूक किया और निश्चय पौषण योजना और डीबीटी योजना के बारे में बताया ।
हदाँ औषधालय प्रभारी डॉ दुर्गाप्रसाद मौर्य ने बताया कि आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना का उद्देश्य पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के जरिए स्वास्थ्य में सुधार करके ग्रामीण क्षेत्र में आमजन का आहार विहार, दिनचर्या, ऋतुचर्या, प्रकृति परीक्षण, तंबाकू मुक्त, टीबी मुक्त आदि 18 प्रकार का स्वास्थ्य सूचकांकों के माध्यम से समाज को निरोगी बनाना है। 18 स्वास्थ्य सूचकांकों पर शत प्रतिशत प्राप्ति होने पर ग्राम पंचायत को 11 लाख रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
इस अवसर पर रा.उ.मा.विद्यालय और महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम विद्यालय हदाँ से 100 से अधिक बच्चों और अध्यापक लक्ष्मणसिंह, अमित, विक्रम विश्नोई और ग्रामीणों ने टीबी मुक्त और तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सभी ने संकल्प लिया कि वे इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाकर टीबी मुक्त और तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायत के लक्ष्य को सिद्ध करेंगे।
कार्यक्रम में कोलायत ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील जैन, हदाँ सीएचसी प्रभारी डॉ भरत ओझा व डॉ ऐश्वर्या,आयुर्वेद नर्स किरण रेगर , एसटीएलएस राजेश कुमार रंगा,सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी राकेश , लालचंद,योग प्रशिक्षक गिरधारी लाल व आशा दुर्गा देवी और उर्मिला आदि उपस्थित रहे।



0 Comments