BBT Times, बीकानेर
बीकानेर, 7 जनवरी।अंतरराष्ट्रीय ऊँट उत्सव के दौरान जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार किए जा रहे नवाचारों की कड़ी में इस बार बीकानेर जिला उद्योग संघ पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बनेगा। संघ परिसर में आगामी 9 जनवरी को भव्य 'मान मनुहार' कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के पर्यटक बीकानेर की पांच सदियों पुरानी गौरवशाली विरासत से रूबरू होंगे।
पर्यटन विभाग ने लिया तैयारियों का जायजा कार्यक्रम की पूर्व तैयारियों का जायजा लेने के लिए पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक अनिल राठौड़ ने संघ परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह आर्ट गैलरी ऐतिहासिक परिदृश्य का एक अनूठा उदाहरण है, जो पर्यटकों को बीकानेर की संस्कृति समझाने में मील का पत्थर साबित होगी।
मिनी पर्यटन केंद्र के रूप में उभरा संघ परिसर बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया एवं सचिव वीरेंद्र किराडू ने बताया कि संघ परिसर को एक 'मिनी पर्यटन केंद्र' के रूप में तैयार किया गया है। यहाँ:
बीकानेर के 500 साल के इतिहास के दुर्लभ छायाचित्र।
योग के सूर्य नमस्कार की 12 कलाएं।
यहाँ के प्रसिद्ध मेले, तीज-त्योहार, तालाब, बावड़ियां और ऐतिहासिक रम्मतें।
विशेषज्ञ दस्तकारों द्वारा बनाई गई भारत की महान शख्सियतों की चित्रकारी प्रदर्शित की गई है।
पारंपरिक स्वाद और स्वागत का संगम अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने जानकारी दी कि 9 जनवरी को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित 'मान मनुहार' कार्यक्रम में पर्यटकों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान बीकानेर के सुप्रसिद्ध पारंपरिक खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन भी होगा, जिससे मेहमान यहाँ के स्वाद का आनंद ले सकेंगे।
ये रहे उपस्थित तैयारियों के दौरान संघ के सचिव वीरेंद्र किराडू, एडवोकेट राजेश लदरेचा, राजीव शर्मा, राजकुमार पचीसिया, अशोक गहलोत, राजाराम सारडा, परवेश गोयल, उमाशंकर कोठारी, चंद्रशेखर श्रीमाली एवं अरविंद चौधरी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने की रूपरेखा तैयार की।


0 Comments