BBT Times, बीकानेर
प्रथम चरण में 23, 24, 25 व 31 जनवरी, 2026 को शिविर आयोजित किए जाएंगे- दूसरे चरण में 1 फरवरी एवं 5 से 9 फरवरी, 2026 तक आयोजन होगा
बीकानेर, 22 जनवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार शीघ्र ही 'ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026' का आयोजन करने जा रही है। ग्राम के इस महत्वपूर्ण आयोजन में प्रगतिशील किसानों और पशुपालकों की सहभागिता सुनिश्चित कर उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के क्रम में प्रदेश के प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर 23 जनवरी से ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिला बीकानेर के 77 गिरदावर सर्किलों पर ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन होगा।
बसंत पंचमी के शुभ अवसर 23 जनवरी को प्रथम चरण की शुरुआत होगी प्रथम चरण में शिविर का शुभारंभ बीकानेर, कोलायत, लुणकरनसर, नोखा, जसरासर, बज्जू, छत्तरगढ़, पूगल, खाजूवाला व श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित शिविर से होगा। प्रथम चरण में 24, 25 व 31 जनवरी को शिविर आयोजित किए जाएंगे। दूसरे चरण में 1 फरवरी एवं 5 से 9 फरवरी तक इनका आयोजन होगा। शिविर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक प्रदेशभर में आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों से पहले 22 जनवरी को ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को ग्राम उत्थान शिविरों में होने वाली गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी।
12 विभागों की योजनाओं का लाभ मिलेगा
ग्राम उत्थान शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सहित 12 विभाग भाग लेंगे। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को शिविरों का नोडल विभाग बनाया है, जो सभी विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए कृषकों एवं पशुपालकों सहित ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करेंगे।
तार बंदी से लेकर पाॅलीहाउस, सौर पम्प संयंत्र की स्वीकृति मिलेगी
शिविरों में तार बंदी, पाईप लाईन, फार्म पौण्ड, बैलों से खेती योजना के तहत प्रोत्साहन राशि की स्वीकृतियां सॉइल हेल्थ कार्ड वितरण, बीज मिनिकिट वितरण का सत्यापन करने के साथ ही फव्वारा एवं ड्रिप, प्लास्टिक मल्च, पाली हाउस, सौर पम्प संयंत्र इत्यादि की स्वीकृतियां और मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना के आवेदनों का निस्तारण किया जाएगा। वहीं, वीबी जी राम जी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार और पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना का सर्वे कार्य पूरा किया जाएगा। स्वामित्व कार्डों का वितरण, नहरों एवं खालों की मरम्मत की आवश्यकताओं का चिन्हीकरण, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत पंजीकरण एवं युवा स्वरोजगार योजना सहित अन्य कार्य किए जाएंगे।


0 Comments