BBT Times, बीकानेर
बीकानेर, 31 जनवरी। श्री राम शरणम् परिवार की ओर से पवनपुरी डाकघर के पास स्थित श्री राम शरणम्, बीकानेर में आयोजित दो दिवसीय खुला साधना सत्संग का शुभारंभ श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण के साथ शनिवार को हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं साधक उपस्थित रहे।
श्री राम शरणम् बीकानेर के अध्यक्ष ओ.पी. श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि दो दिवसीय सत्संग की शुरुआत शनिवार सुबह 7:30 बजे हुई। दिनभर आध्यात्मिक साधना के अंतर्गत विभिन्न ध्यान सत्र, भजन-कीर्तन, अमृतवाणी पाठ एवं प्रवचन आयोजित किए गए, जिनमें श्रद्धालुओं ने गहरी आस्था और एकाग्रता के साथ भाग लिया।
उन्होंने बताया कि सत्संग के दूसरे दिन आज 1 फरवरी को सुबह 9:00 बजे से 10:30 बजे तक अमृतवाणी पाठ एवं प्रवचन का आयोजन होगा। इसके पश्चात नाम दीक्षा कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा। इस नाम दीक्षा कार्यक्रम में वे सभी इच्छुक श्रद्धालु भाग ले सकते हैं, जो आध्यात्मिक जीवन की शुरुआत या साधना मार्ग को और अधिक सुदृढ़ करना चाहते हैं।
आयोजकों के अनुसार, पूर्व में नाम दीक्षा प्राप्त साधकों के लिए श्री राम शरणम् परिसर में दो दिवसीय ठहराव एवं साधना की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे वे शांत वातावरण में साधना कर सकें।
श्री राम शरणम् परिवार ने नाम दीक्षा लेने के इच्छुक श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे समय पर सुबह श्री राम शरणम् पहुंचकर कार्यक्रम में सम्मिलित हों और इस आध्यात्मिक अवसर का लाभ उठाएं। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में शांति, भक्ति और साधना का दिव्य वातावरण बना हुआ है।


0 Comments