Header Ads Widget

 

एनआरसीसी द्वारा स्वच्छता अभियान तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित

 BBT Times, बीकानेर



बीकानेर, 31 दिसंबर 2025  । भाकृअनुप-राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र (एनआरसीसी), बीकानेर द्वारा भारत सरकार के निर्देशानुसार स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत दिनांक 16 से 31 दिसम्बर 2025 की अवधि में मनाए गए स्वच्छता पखवाड़ा में स्वच्छता संबंधी  संदेश को व्यापक स्तर पर प्रचारित-प्रसारित करने के उद्देश्य से आज प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया ।   
प्रेस वार्ता के दौरान केन्द्र निदेशक डॉ. अनिल कुमार पूनिया ने स्वच्छता के महत्व एवं इसके प्रति जागरूकता पर कहा कि स्वच्छता का हम सभी के जीवन में विशेष महत्व है,  भारत सरकार द्वारा स्वच्छता के प्रति जागरूकता का यह अभियान, जनमानस में अब तेजी से प्रभावी तौर पर प्रचारित-प्रसारित हो रहा है तथा स्वच्छता को लेकर आमजीवन की मानसिकता में अब परिवर्तन आने से हमारे सार्वजनिक स्थल, विद्यालय, अस्पताल तथा पर्यटन स्थलों आदि की स्थिति में महत्वपूर्ण सुधार देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह केन्द्र, अनुसंधान के अलावा एक विश्‍व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल के रूप में भी जाना जाता है,  ऐसे में केन्द्र की पर्यटनीय छवि, स्‍वच्‍छता कार्यक्रमों के प्रति विशेष जागरूकता बरतने के कारण बढ़ रही है तथा एनआरसीसी को देखने हेतु देशी-विदेशी सैलानी, ऊँट पालक, किसान, विद्यार्थी गण आदि हजारों की संख्या में प्रतिवर्ष आते हैं। 
डॉ. पूनिया ने ऊँट संबद्ध संस्‍थान होने के नाते कहा कि केन्‍द्र द्वारा ऊँटों के रखरखाव व प्रबंधन के तहत विविध गतिविधियों के माध्‍यम से पशुपालकों को स्‍वच्‍छता व स्‍वच्‍छ दूध उत्‍पादन के प्रति विशेष रूप से  प्रोत्‍साहित किया जाता है ताकि वे पशुओं से अधिक उत्‍पादन व आमदनी भी प्राप्‍त कर सकें।  उन्‍होंने केन्‍द्र में चल रहे अनुसंधान कार्यों, ऊँटों के विविध उपयोग, ऊँटनी के दूध के औषधीय महत्‍व, उष्‍ट्र पोषण आदि पर भी अपने विचार रखते हुए बदलते परिवेश में भी ऊँट के संरक्षण व विकास की महत्‍ती आवश्‍यकता जताई। 
केन्‍द्र की ओर से आयोजित इस स्‍वच्‍छता पखवाड़ा की नोडल अधिकारी डॉ. अरूणा कुनियाल ने पखवाड़ा के तहत आयोजित गतिव‍िधियों की संक्षिप्‍त प्रतिवेदन प्रस्‍तुत की तथा प्रेस/मीडिया बन्‍धुओं की सक्रिय सहभागिता धन्‍यवाद ज्ञापित किया । प्रेस कॉन्‍फ्रेंस के अवसर पर केन्‍द्र के प्रधान वैज्ञानिकों में डॉ. एस.के.घोरुई, डॉ. वेद प्रकाश, वरिष्‍ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री अखिल ठुकराल ने भी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का संचालन श्री नेमीचंद बारासा, मुख्‍य तकनीकी अधिकारी ने किया। 

Post a Comment

0 Comments