BBT Times, बीकानेर
बीकानेर, 20 दिसम्बर। बीकानेर के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति को अब अंतरराष्ट्रीय फलक पर एक नया मंच मिलने जा रहा है। जिला प्रशासन के नवाचारों के तहत, बीकानेर जिला उद्योग संघ (BDIU) को आगामी अंतरराष्ट्रीय ऊँट उत्सव (9 से 11 जनवरी 2026) की आधिकारिक कार्यक्रम श्रृंखला में शामिल किया गया है।
अब देश-विदेश से आने वाले पर्यटक न केवल ऊँटों के करतब देखेंगे, बल्कि बीकानेर जिला उद्योग संघ परिसर में "एक ही छत के नीचे" बीकानेर के 500 साल पुराने इतिहास के भी साक्षात दर्शन कर सकेंगे।
प्रमुख आकर्षण और कार्यक्रम:
मान मनुहार (9 जनवरी): उत्सव के पहले दिन प्रात: 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक विशेष स्वागत सत्कार कार्यक्रम आयोजित होगा। यहाँ अतिथियों को बीकानेर के सुप्रसिद्ध पारंपरिक खाद्य पदार्थों का स्वाद चखाया जाएगा।
मिनी पर्यटन केंद्र: संघ परिसर की आर्ट गैलरी को 'मिनी पर्यटन केंद्र' के रूप में विकसित किया गया है। यहाँ बीकानेर की स्थापना से लेकर आधुनिक स्वरूप तक के दुर्लभ छायाचित्रों को संजोया गया है।
ऐतिहासिक धरोहर का प्रदर्शन: गैलरी में यहाँ के तीज-त्योहार, ऐतिहासिक रम्मतें, प्राचीन तालाब, बावड़ियाँ और मेलों से जुड़ी ऐसी तस्वीरें हैं जो अन्यत्र दुर्लभ हैं।
विशेषज्ञ दस्तकारी: केवल तस्वीरें ही नहीं, बल्कि कुशल दस्तकारों द्वारा हाथों से बनाई गई भारत की महान विभूतियों की चित्रकारी भी यहाँ पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र होगी।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया एवं सचिव वीरेंद्र किराडू ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह गैलरी पर्यटकों के लिए बीकानेर को गहराई से समझने में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी। उन्होंने बताया कि इस नवाचार से बीकानेर की कला और दस्तकारी को अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के बीच नई पहचान मिलेगी।
"यह आर्ट गैलरी बीकानेर की आन-बान-शान का जीवंत दस्तावेज है। यहाँ आने वाले पर्यटक एक ही स्थान पर पूरे बीकानेर की सांस्कृतिक यात्रा कर सकेंगे।" द्वारकाप्रसाद पचीसिया (अध्यक्ष, बीकानेर जिला उद्योग संघ)


0 Comments