Header Ads Widget

 

बालिका सैनिक स्कूल चयन परीक्षा 2026 का परिणाम जारी, 7 अप्रैल तक होंगे दस्तावेज सत्यापन/प्राथमिक व उच्च प्राथमिक परीक्षा के रोके हुए परिणाम जारी किए

 BBT Times, बीकानेर



बीकानेर, 2 अप्रैल। मुख्यमंत्री  बजट घोषणा वर्ष 2024-25 के तहत चरणबद्ध रूप से प्रथम चरण में सम्मिलित दो बालिका सैनिक स्कूलों के लिए आयोजित चयन परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया गया है। यह परीक्षा 8 मार्च 2026 को प्रातः 11 बजे से दोपहर 01 बजे तक राज्य के समस्त जिला मुख्यालयों पर आयोजित की गई थी।
इस चयन परीक्षा के माध्यम से पूज्या रामीदेवी रामनारायण राठी बालिका सैनिक स्कूल, जयमलसर (बीकानेर) एवं महाराव शेखाजी बालिका सैनिक स्कूल, सीकर के लिए छात्राओं का चयन किया जाएगा।
परीक्षार्थी अपना परिणाम शाला दर्पण मॉड्यूल में उपलब्ध बालिका सैनिक स्कूल टैब पर जाकर अपने रोल नंबर एवं जन्मतिथि दर्ज कर देख सकते हैं।
जिन अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए जिला आवंटित किया गया है, वे सभी परीक्षार्थी 07 अप्रैल 2026 तक संबंधित जिले के जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक कार्यालय में उपस्थित होकर अपने समस्त आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करवाना सुनिश्चित करेंगे। 

प्राथमिक व उच्च प्राथमिक परीक्षा के रोके हुए परिणाम जारी किए
बीकानेर, 2 अप्रैल। प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन (कक्षा-5) एवं प्रारम्भिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण-पत्र (कक्षा-8) परीक्षा 2026 के शेष रहे परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम  गुरुवार को जारी कर दिया गया है।
शिक्षा विभागीय परीक्षाओं के पंजीयक शीशराम कुलहरि ने बताया कि पूर्व में 24 मार्च को घोषित मुख्य परीक्षा परिणाम में कक्षा-5 के 4371 तथा कक्षा-8 के 2209 विद्यार्थियों का परिणाम विभिन्न कारणों से रोक लिया गया था। अब आवश्यक औपचारिकताओं की पूर्ति के बाद कक्षा-5 के 4141 एवं कक्षा-8 के 2138 परीक्षार्थियों का परिणाम घोषित कर दिया गया है।
शिक्षा विभाग के अनुसार, संबंधित विद्यार्थियों अपना परिणाम विभागीय पोर्टल शाला दर्पण एवं कक्षा- 5 एवं 8 एग्जाम पोर्टल पर रिजल्ट टैब के माध्यम से ऑनलाइन देख सकते हैं। परीक्षा परिणाम कंप्यूटर जनरेटेड ग्रेडशीट के रूप में उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि इन परीक्षाओं की पुनर्गणना के इच्छुक विद्यार्थी 6 से 11 अप्रैल के बीच संबंधित विद्यालय में ऑफलाइन आवेदन जमा करवा सकता है। 

Post a Comment

0 Comments