Header Ads Widget

 

जनगणना 2027 हेतु नगर निगम के फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण आरंभ

 BBT Times, बीकानेर




बीकानेर, 15 अप्रैल। जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के सफल संचालन के उद्देश्य से बीकानेर नगर निगम के फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण बुधवार को राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज ( राजूवास) के फैकल्टी हाउस में प्रारंभ हुआ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर डॉ. विपिन सैनी एवं डॉ. वाई. बी. माथुर के साथ जयपुर से आए मास्टर ट्रेनर्स श्री नीरज यादव एवं श्री हरि सिंह बिजारनिया द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

नगर निगम उपायुक्त श्री यशपाल आहूजा ने बताया कि प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में प्रतिभागियों को जनगणना के महत्व, उद्देश्य एवं पूर्व में आयोजित जनगणनाओं के अनुभवों के बारे में पॉवर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से जानकारी दी गई। 

श्री आहूजा ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत स्व-गणना का कार्य 1 मई से 15 मई 2026 तक तथा फील्ड कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक किया जाएगा। इस चरण में मकानों की सूची तैयार करने के साथ-साथ आवासीय स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एकत्रित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को डिजिटल एप्लिकेशन, डेटा संग्रहण की प्रक्रिया, प्रपत्रों के सही उपयोग तथा आमजन से संवाद स्थापित करने के तरीकों के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया ताकि वे अपने-अपने क्षेत्र में जनगणना कार्य को प्रभावी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित कर सकें।

निगम उपायुक्त ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगामी दिनों में गणनाकारों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे जनगणना 2027 का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके तथा अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित की जा सके।

प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना के आंकड़े देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होते हैं, जिनके आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी नीतियां बनाई जाती हैं।उल्लेखनीय है कि भारत में जनगणना का आयोजन प्रत्येक दस वर्ष में किया जाता है, जिसकी शुरुआत वर्ष 1872 में हुई थी, जबकि नियमित जनगणना की परंपरा 1881 से प्रारंभ मानी जाती है। यह विश्व की सबसे बड़ी प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय कवायदों में से एक है, जिसमें देश के प्रत्येक व्यक्ति एवं मकान का विस्तृत विवरण संकलित किया जाता है। 

Post a Comment

0 Comments