BBT Times, बीकानेर
बीकानेर, 2 अप्रैल। भारतीय प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2015 बैच के अधिकारी श्री निशांत जैन ने गुरुवार को जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट का पदभार संभाला। श्री जैन इससे पहले जयपुर विकास प्राधिकरण में सचिव थे। श्री जैन बाड़मेर और जालौर में जिला कलक्टर के अलावा पर्यटन विभाग के निदेशक सहित विभिन्न पदों का दायित्व संभाल चुके हैं। पदभार संभालने के बाद जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की समस्त प्राथमिकताएं उनकी प्राथमिकताए रहेंगी। मुख्यमंत्री महोदय के विजन के अनुसार कार्य करते हुए जिले को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन तथा फ्लेगशिप योजनाओं में गति लाने के साथ आमजन तक इनका लाभ पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीकानेर सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध है। इसे और अधिक सशक्त करने की दिशा में कार्य किए जाएंगे। इस दौरान अतिरिक्त कलक्टर (नगर) श्री रमेश देव, उपखण्ड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, प्रशिक्षु आइएएस स्वाति शर्मा, वरिष्ठ निजी सचिव आशानंद कल्ला आदि मौजूद रहे। इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनीचामी और जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे ने जिला कलक्टर से मुलाकात की। कलक्ट्रेट परिसर के कार्मिकों ने जिला कलक्टर से मुलाकात कर श्री जैन को पुष्पगुच्छ भेंट किया।
जिला कलेक्टर ने देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में किए दर्शन, उप तहसील का निरीक्षण
बीकानेर, 2 अप्रैल। जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने गुरुवार को देशनोक स्थित विश्व प्रसिद्ध करणी माता मंदिर पहुंचकर मां करणी के दर्शन किए। मंदिर प्रन्यास अध्यक्ष बादल सिंह, उपाध्यक्ष सीता दान, पूर्व प्रन्यास अध्यक्ष कैलाश दान एवं पूर्व पार्षद चण्डी दान सहित अन्य गणमान्य लोगों ने श्री जैन का स्वागत किया। इस अवसर पर मंदिर प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों ने कलेक्टर को मंदिर की परंपराओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। पूर्व प्रन्यास अध्यक्ष कैलाश दान ने मां करणी के जीवन, उनके आध्यात्मिक व्यक्तित्व एवं लोक आस्था में उनके विशेष महत्व के बारे में बताया। उन्होंने देशनोक उप तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां की विभिन्न पत्रावलियों का अवलोकन किया और आमजन के कार्य समयबद्ध संपादित करने के निर्देश दिए। इससे पहले श्री निशांत जैन सर्किट हाउस पहुंचे। जहां अतिरिक्त कलेक्टर (नगर) रमेश देव, उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, प्रशिक्षु आईएएस स्वाति शर्मा, वरिष्ठ निजी सचिव आशानंद कल्ला, मोहम्मद रियाज और महावीर स्वामी ने जिला कलेक्टर की अगवानी की।
जिला कलक्टर ने कलक्ट्रेट की शाखाओं का किया निरीक्षण
बीकानेर, 2 अप्रैल। जिला कलक्टर श्री निशांत जैन ने पदभार संभालने के बाद गुरुवार को जिला कलक्टर कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया तथा इनकी कार्यप्रणाली का फीडबैक लिया। जिला कलक्टर ने निजी सचिव कार्यालय, विधि, विकास, न्याय, सामान्य एवं आवक-जावक शाखा का निरीक्षण किया। अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन एवं नगर, जिला रसद अधिकारी, सहायक निदेशक लोक सेवाएं सहित विभिन्न कार्यालय भी देखे। जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का अवलोकन करते हुए, इसके दूरभाष नंबर डायल किया। उन्होंने नियंत्रण कक्ष में प्रकरण दर्ज करने एवं इनके निस्तारण की स्थिति के बारे में जाना तथा निर्देश दिए कि नियंत्रण कक्ष पर नियुक्त कार्मिक पूर्ण मुस्तैदी से कार्य करें तथा क्विक रेसपोंस करें। उन्होंने प्रत्येक शाखा की पत्रावलियों के बारे में जाना तथा इनके समयबद्ध निस्तारण के लिए निर्देशित किया।


0 Comments