BBT Times, बीकानेर
बीकानेर/लूणकरणसर, 30 मार्च। शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में लूणकरणसर क्षेत्र के सोढवाली गांव में आयोजित प्रज्ञा पुराण कथा एवं गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। आयोजन के दूसरे दिन सोमवार को श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाते हुए और सनातन संस्कृति के जयघोष के साथ उत्साहपूर्वक कलश यात्रा निकाली, जो ठाकुर जी के मंदिर से प्रारंभ होकर हनुमान मंदिर पहुंची।
कार्यक्रम में कथा वाचक एवं यज्ञाचार्य करणीदान चौधरी ने प्रज्ञा पुराण कथा का भावपूर्ण वाचन करते हुए समाज में सत्प्रवृत्तियों के संवर्धन का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से नैतिक मूल्यों को अपनाने और जीवन में आध्यात्मिकता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
गायत्री महायज्ञ के दौरान लोककल्याण की भावना से यज्ञ में आहुतियां अर्पित की गईं। इस अवसर पर पवन कुमार औझा ने प्रज्ञा गीतों के माध्यम से श्रद्धालुओं में आस्था और भक्ति का संचार किया, वहीं जगजीत सिंह ने विभिन्न संस्कारों की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए उनके महत्व को समझाया।
आयोजन को सफल बनाने में दुर्जन सिंह, महावीर सिंह, फूसराज सिंह एवं हनुमान सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने कलश पूजन, देव अर्चन एवं व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
महावीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह धार्मिक आयोजन 2 अप्रैल तक जारी रहेगा। प्रतिदिन सुबह 6 बजे योग साधना, प्रातः 8 बजे गायत्री महायज्ञ तथा दोपहर 3 बजे प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित करने का आह्वान किया।


0 Comments