Header Ads Widget

 

म्हारो प्यारो राजस्थान विकास समिति के तत्वावधान में पारंपरिक लोक संस्कृति को समर्पित भव्य घूमर नृत्य

 BBT Times, बीकानेर


बीबीटी टाइम्स के सम्पादक दिनेश गुप्ता की ख़बर
बीकानेर, 30 मार्च। 
म्हारो प्यारो राजस्थान विकास समिति के तत्वावधान में सेक्टर-4, जयनारायण व्यास कॉलोनी की महिलाओं द्वारा बसंत विहार होटल में पारंपरिक लोक संस्कृति को समर्पित भव्य घूमर नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा धारण कर राजस्थानी संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरी और अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बीकानेर की पूर्व विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी बाईसा रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष सुमन छाजेड़ तथा विशेष अतिथि के रूप में मधुरिमा सिंह (रेल मंडल सलाहकार समिति—DRUCC की सदस्य), रेनू शर्मा (मीनाक्षी दत्त मेकओवर चेन की ओनर), मंजुषा जी एवं अक्षमा कंवर उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि सिद्धि कुमारी बाईसा ने अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं, जिन्हें सहेजना और आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं द्वारा किए जा रहे इस प्रकार के आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में लगभग 40 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ‘जलालो बिलालो’, ‘मैं तो नाचबा ने आई सा’, ‘केसरिया बालम’ जैसे लोकप्रिय राजस्थानी लोकगीतों पर सामूहिक घूमर नृत्य प्रस्तुत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके प्रयासों की सराहना की गई। आयोजन का सफल संचालन एवं समन्वय श्रीमती नीलम शेखावत, करुणा गुप्ता, मीनू सोनी, संतोष शर्मा, कविता यादव, विमला खत्री एवं सरिता कौशल द्वारा किया गया।

यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति को सहेजने और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक प्रेरणादायक प्रयास भी सिद्ध हुआ।

Post a Comment

0 Comments