Header Ads Widget

 

BJP मंडल अध्यक्ष पर PM आवास के 1.20 लाख हड़पने का आरोप/लाभार्थी के पैसे अपने खाते में डलवाए, PMO तक पहुंची शिकायत

 BBT Times, ​बीकानेर

 


​बीकानेर/देशनोक, 18 दिसंबर । बीकानेर की देशनोक नगरपालिका एक बार फिर प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार को लेकर सुर्खियों में है। लेकिन इस बार मामला बेहद गंभीर है क्योंकि आरोप किसी कर्मचारी पर नहीं, बल्कि भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन पंचारिया पर लगे हैं।

​आरोप है कि मंडल अध्यक्ष ने स्वरूप नामक एक लाभार्थी के हिस्से के 1 लाख 20 हजार रुपये अपने खुद के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। मामले का खुलासा होने पर युवा कार्यकर्ता मनोज, कालू दान और प्रदीप ने दस्तावेजों के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को लिखित शिकायत भेजी है।

​ताबड़तोड़ भुगतान: 5 दिन में पूरा खेल
​शिकायत में बताया गया है कि जहां आम लाभार्थी एक-एक किस्त के लिए महीनों दफ्तरों के चक्कर काटते हैं, वहीं इस मामले में बिजली की गति से भुगतान हुआ।

​25 जुलाई 2024: एक ही दिन में दो किस्तों का भुगतान।
​30 जुलाई 2024: महज 5 दिन बाद तीसरी किस्त भी जारी।
​कुल राशि: 30,000 + 30,000 + 60,000 = 1,20,000 रुपये।
​आरोप है कि यह राशि लाभार्थी के बजाय सीधे मंडल अध्यक्ष के खाते में गई, जो ठगी और भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है।


​भ्रष्ट कर्मी का किया था बचाव
​शिकायतकर्ताओं ने एक और गंभीर खुलासा किया है। कुछ समय पहले देशनोक पालिका की CLTC कर्मी महक पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। तब मंडल अध्यक्ष पवन पंचारिया ने अपने लेटर हेड पर उस कर्मी के पक्ष में 'प्रशंसा पत्र' जारी किया था। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि अब समझ आ रहा है कि भ्रष्टाचार के आरोपी का बचाव क्यों किया जा रहा था, क्योंकि मंडल अध्यक्ष स्वयं इस खेल में कथित रूप से शामिल थे।

​पार्टी की 'जीरो टॉलरेंस' नीति पर सवाल
​युवाओं ने अपनी शिकायत में कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त नीतियों को पार्टी का ही पदाधिकारी तार-तार कर रहा है। उन्होंने पवन पंचारिया को पार्टी से निष्कासित करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि हाल ही में 3 विधायकों पर कार्रवाई करने वाली प्रदेश सरकार और संगठन इस मामले में क्या रुख अपनाते हैं।

​अधिकारी बोले- जांच करवाएंगे

​देशनोक नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) रविन्द्र सिंह ने मामले पर अपना पक्ष रखते हुए कहा, "मैंने हाल ही में ज्वॉइन किया है। आज ही यह प्रकरण मेरे संज्ञान में आया है। इसकी पालिका स्तर पर निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी।" 

Post a Comment

0 Comments